धमतरी: रायपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से पिकअप चालक की मौत
उत्तम साहू
धमतरी (छत्तीसगढ़): रायपुर रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है। टायर बदल रहे पिकअप चालक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक पिकअप गाड़ी कलिंदर (तरबूज) भरकर रायपुर की ओर जा रही थी। डीपीएस स्कूल के पास अचानक पिकअप का टायर पंचर हो गया। गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर पिकअप चालक चेतन साहू (25 वर्ष) और उसका सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) टायर बदल रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही अशोक लीलैंड की एक ट्रक, जो कच्चा लोहा (आयरन) लेकर रायपुर की ओर जा रही थी, ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित होकर ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
इस दुर्घटना में पिकअप चालक चेतन साहू, निवासी भेंडरी (मगरलोड) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके साथी तरुण साहू को हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
सेवाभावी संस्था और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा संस्था के सदस्य शिवा प्रधान, डूमल साहू, योगेश साहू और अमन साहू तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने अपनी मदद से मृतक के शव को जिला अस्पताल की मरचुरी पहुँचाया।
घटनास्थल पर अर्जुनी थाना पुलिस का स्टाफ भी मौजूद रहा। यातायात बहाल करने के लिए टोल प्लाजा की क्रेन बुलाई गई, जिसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर रास्ता साफ कराया गया।

