कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश, अवैध उर्वरक बिक्री पर सख्ती के आदेश
उत्तम साहू
धमतरी, 30 मार्च 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले की विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अवैध उर्वरक बिक्री और भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा निजी दुकानों की सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के मद्देनजर पेट्रोलियम पदार्थों एवं गैस की उपलब्धता की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर ने जनसुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर टोल-फ्री नंबर जारी करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। साथ ही 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राजस्व पखवाड़ा के तहत विभिन्न विभागों को स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनगणना कार्य की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण देने और पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लेने को कहा, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण रोजगार सृजन योजना, पीएम अजय, तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंकों में लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना, समर्थन मूल्य पर चना खरीदी और किसानों के पंजीयन की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान कसपुर, बोराई और चरमुडिया में निर्माणाधीन सब-स्टेशनों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत चिन्हांकित आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कुपोषित और गंभीर रूप से बीमार बच्चों की पहचान कर तत्काल सूचना देने को कहा।
इसके अलावा आईगॉट ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण लेने और डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडी बोर्ड, नवीन सब्जी मंडी, व्यवसायिक परिसर, एनएचबी, एनएलएम और मखाना खेती की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

