भीषण सड़क हादसा: बस के टक्कर से स्कॉर्पियो चकनाचूर, 6 की मौत, 5 गंभीर
गढ़चिरोली (महाराष्ट्र), 30 मार्च 2026।
महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। चामोरशी रोड पर हुई इस भीषण टक्कर में एक स्कॉर्पियो वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिसमें सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे और रामपुर से भदभिड़ी मोकासा की ओर जा रहे थे। वाहन में कुल 16 यात्री सवार थे। तभी तलोधी (मोकासा) गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रही यात्री बस ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्री वाहन में फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को तत्काल गढ़चिरोली जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।
अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

