भीषण सड़क हादसा: हाईवा–ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, चालकों की जिंदा जलकर मौत
रायगढ़ जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत घरघोड़ा–कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों वाहनों में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर लगभग एक बजे हुई इस दुर्घटना के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। केबिन में फंसे चालक बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सके। एक चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दूसरे चालक के संबंध में आधिकारिक पुष्टि आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम और दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। हादसे के बाद मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिससे टक्कर के बाद ईंधन टैंक फटने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी वाहन चालक सावधानी और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

