होली पर धमतरी पुलिस अलर्ट: सभी थाना/ चौकी पर शांति समिति की बैठकें संपन्न,
हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
उत्तम साहू
धमतरी, 01 मार्च 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में जनप्रतिनिधियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न होली दहन समितियों के सदस्यों की उपस्थिति रही।
बैठक में आपसी समन्वय और सहयोग के साथ होली मनाने की अपील करते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रमुख निर्देश इस प्रकार रहे:
होली दहन स्थलों का सत्यापन
सभी होली दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत तारों, ज्वलनशील पदार्थों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अफवाहों पर नियंत्रण
सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आमजन से अपील की गई कि किसी भी जानकारी की पुष्टि किए बिना उसे साझा न करें।
असामाजिक तत्वों पर निगरानी
जिले के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने पर सख्ती
होली के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियंत्रण
उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि स्तर का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में चल रही बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात्रि के समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में संयम बरतने की अपील की गई। नियमों के उल्लंघन पर डीजे एवं उपकरण जब्त कर आयोजकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा एवं पेट्रोलिंग
भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर रहा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना/चौकी, डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम 100 अथवा मोबाइल नंबर 9479192299 पर दें।
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ होली पर्व मनाएं, ताकि यह पर्व खुशियों और रंगों का संदेश लेकर आए।

