भीषण सड़क हादसा: सीमेंट मिक्सर ट्रक और वैन की टक्कर, 11 लोगों की मौत
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना कल्याण-मुरबाड मार्ग पर मुरबाड तहसील के गोविली गांव स्थित रायते पुल पर हुई।
जानकारी के अनुसार, एक वैन कल्याण से मुरबाड की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर वाहन से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे में कुल 11 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। अब तक छह शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राहत एवं बचाव दल और चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

