नगरी में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती
उत्तम साहू
नगरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. अम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती अम्बिका मरकाम ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि समानता, न्याय और मानवीय गरिमा के महान प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आज उनकी जयंती पर हम उस भारत की कल्पना को स्मरण करते हैं, जिसे उन्होंने समान अवसर, सामाजिक न्याय और सम्मानजनक जीवन के मूल्यों पर आधारित देखा था। उनका सपना ऐसा राष्ट्र था, जहां हर व्यक्ति को सम्मान मिले, हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर मिले और विविधता में एकता देश की सबसे बड़ी शक्ति बने।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के अध्यक्ष श्री अनवर रजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर ऐसा समाज बनाना होगा, जहां परस्पर सम्मान, सहयोग और सशक्तिकरण का वातावरण हो। डॉ. अम्बेडकर का जीवन हमें सिखाता है कि सकारात्मक परिवर्तन संवाद, सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस श्री भानेन्द्र सिंह ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष श्री भूषण साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी श्री अंजोर निषाद, महामंत्री श्री आसिफ खान, श्री भरत लहरें, श्री बीरेंद्र निर्मलकर, श्री रुपेश साहू, श्रीमती मिक्की गुप्ता, जयंती हेमू साहू, हरिश साहू, तामेश्वरी साहू, अकरम खान, भरत साहू, खिंजन कश्यप सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अम्बेडकर को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी को जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।


