धमतरी पुलिस का “ऑपरेशन निश्चय” : 150 ठिकानों पर दबिश, नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार
उत्तम साहू
धमतरी, 05 अप्रैल। जिले में नशे और अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए धमतरी पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत चौथा बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जिलेभर में 150 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर अवैध नशा कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसपी धमतरी के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में 30 टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग करते हुए संदिग्धों की जांच की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई
एनडीपीएस एक्ट के तहत सिटी कोतवाली, अर्जुनी, कुरूद और भखारा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरण दर्ज किए गए और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3.97 किलो गांजा जब्त किया।
आबकारी एक्ट में 17 गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 प्रकरणों में 17 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 113.96 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। अलग-अलग धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को 12 बोर देशी कट्टा और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
30 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
इसके अलावा बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत 30 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
गुंडा-बदमाशों की परेड
अभियान के दौरान निगरानीशुदा बदमाशों और असामाजिक तत्वों की पुलिस लाइन रूद्री में परेड कराई गई। उन्हें कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस का सख्त संदेश
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और ऐसे कृत्यों को बढ़ावा देने वाले होटल-ढाबा संचालकों के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।




