तालाब में दो मासूमों की लाश मिलने से पूरे गांव में पसरा मातम
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के बिसबहरी गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। कल शाम से लापता दो मासूम बच्चों की लाश आज गांव के तालाब में तैरती हुई मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे शनिवार शाम से अचानक लापता हो गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने गांव में हर संभव जगह तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आखिरकार थक-हारकर परिजनों ने बगीचा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के बाद पुलिस भी हरकत में आई और बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी गई। लेकिन रविवार की सुबह वह खबर आई, जिसने पूरे गांव को रोने पर मजबूर कर दिया। गांव के पास स्थित तालाब में दोनों बच्चों के शव तैरते हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नहाने के लिए तालाब गए होंगे और गहराई में जाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद बिसबहरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर आंख नम है और हर दिल इस असमय हुए हादसे से दहला हुआ है। मासूमों की मौत ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।

