शादी से लौट रहे ग्रामीणों की पिकअप पलटी, 2 की मौत, 37 घायल
जगदलपुर। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाबामारी के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम सिरिसगुड़ा के करीब 45 ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय ढाबामारी के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया।
हादसा इतना भयावह था कि पिकअप में सवार सिबो और मिटको नामक दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बड़ी संख्या में महिलाएं समेत 37 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही लोहंडीगुड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
गौरतलब है कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाना न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

