साय सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 12 दिन का स्पेशल अवकाश
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और सराहनीय निर्णय लिया है। कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अब कर्मचारियों को विपश्यना ध्यान शिविर में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश दिया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों सहित राज्य सेवा के अधिकारी-कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार स्पेशल कैजुअल लीव का लाभ उठा सकेंगे। प्रत्येक बार उन्हें 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना शिविर में भाग लेने के लिए यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिनों का अवकाश मिलेगा।
क्या हैं मुख्य प्रावधान?
- कर्मचारियों को 10 दिन के विपश्यना शिविर में भाग लेने की अनुमति
- यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिन का विशेष अवकाश
- पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार इस सुविधा का लाभ
- अवकाश स्वीकृति विभागीय सक्षम अधिकारी द्वारा प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार
जरूरी शर्तें
- अवकाश आवेदन के साथ शिविर का प्रवेश पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य
- शिविर पूर्ण होने के बाद प्रमाण-पत्र जमा करना होगा
- प्रमाण-पत्र जमा नहीं करने पर अवकाश को अन्य श्रेणी में समायोजित किया जाएगा
राज्य सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य सुधारने और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों के व्यक्तिगत विकास को भी प्रोत्साहित करेगा।

