कलेक्टर की पहल से डुबान क्षेत्र के बच्चों को मिला नया आसमान
शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ा आत्मविश्वास, बच्चों ने कहा—“अब हम भी बड़े सपने देखेंगे”
उत्तम साहू,धमतरी, 07 अप्रैल 2026।
जिले के डुबान प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की पहल एक नई उम्मीद बनकर सामने आई है। उनके मार्गदर्शन में आयोजित एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों को किताबों से बाहर की दुनिया दिखाई, बल्कि उनके भीतर नए सपने और आत्मविश्वास भी जगाया।
कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशन में ग्राम पंचायत अरौद बारबांध, उरपुटी और पहरियाकोना के 40 विद्यार्थियों (30 बालिकाएं, 10 बालक) को विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्थागत स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य डुबान क्षेत्र के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान से समृद्ध करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम हरफर से हुई, जहां से विद्यार्थियों को गंगरेल डेम का भ्रमण कराया गया। बोटिंग के माध्यम से बच्चों ने जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और डेम के महत्व को करीब से समझा। इसके बाद साइंस पार्क में विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगात्मक रूप में देखकर बच्चों में जिज्ञासा और उत्साह देखने को मिला।
कलेक्टर की सोच केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से भी जोड़ा। कोलियारी स्थित मधुरिमा स्किल सेंटर, लाइवलीहुड कॉलेज और बैंक ऑफ बड़ौदा आर-सेटी में विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेड्स, स्वरोजगार और उद्यमिता की जानकारी दी गई।
भ्रमण के अंतिम चरण में बच्चों को कलेक्ट्रेट कार्यालय ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से जाना। अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए, जिससे उनमें प्रशासन के प्रति समझ और विश्वास बढ़ा।
इस दौरान देवेंद्र कुमार नेताम, वंदना मंडावी, विद्या यादव और नितेश कोर्राम सहित कई विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे यादगार सीख बनी। उन्होंने पहली बार साइंस पार्क, लाइवलीहुड कॉलेज और बोटिंग का अनुभव किया। बच्चों ने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा का आभार जताते हुए कहा कि “अब हमें भी अपने भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा मिली है।”
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मिश्रा लगातार डुबान प्रभावित क्षेत्रों के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने उरपुटी और अकलाडोंगरी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उनकी पहल पर क्षेत्र में वाटर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है और राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के लिए लिंक कोर्ट सुविधा भी प्रारंभ की गई है।
यह शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम कलेक्टर की संवेदनशील और दूरदर्शी सोच का उदाहरण है, जो डुबान क्षेत्र के बच्चों को नई दिशा देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।



