तिल्दा-नेवरा में प्रदर्शन के दौरान बवाल: पत्रकार की कार घेरकर तोड़फोड़ की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
उत्तम साहू
तिल्दा-नेवरा। ग्राम अल्दा में प्लांट विरोध को लेकर चल रहे आंदोलन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शन के दौरान ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे एक पत्रकार की चारपहिया कार को भीड़ ने घेर लिया और नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। समय रहते पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अल्दा के ग्रामीण सुबह से ही बड़ी संख्या में तहसील कार्यालय और बाद में एसडीएम कार्यालय के सामने चक्काजाम और धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पत्रकार पूरे दिन मौके पर मौजूद रहकर आंदोलन और प्रशासनिक गतिविधियों की रिपोर्टिंग कर रहे थे।
शाम होते-होते माहौल तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही पत्रकार अपनी कार के पास पहुंचे, कुछ उग्र प्रदर्शनकारी वाहन के आसपास जमा हो गए। देखते ही देखते भीड़ ने कार को चारों ओर से घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्रकार को वाहन से बाहर आने के लिए कहा गया। बाहर आते ही कुछ लोगों ने आक्रामक व्यवहार करते हुए कार में खरोंच डालने, धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की कोशिश की। यहां तक कि आग लगाने जैसी बातें भी कही गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस बनी सुरक्षा कवच
घटना के दौरान तैनात पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। महिला और पुरुष जवानों ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर पत्रकार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन पुलिस ने संयम रखते हुए हालात को काबू में रखा।
हल्का नुकसान, बड़ा हादसा टला
इस घटना में वाहन को हल्का नुकसान, खरोंच और कुछ हिस्सों के टूटने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस की सतर्कता से किसी बड़े नुकसान या आगजनी की घटना नहीं हुई।
शिकायत के बाद जांच शुरू
पत्रकार ने थाना तिल्दा-नेवरा में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार क्षतिग्रस्त करने, अभद्रता और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
मीडिया सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

