धमतरी पुलिस की सख्ती: जुआ-सट्टा पर जीरो टॉलरेंस, नशे के खिलाफ अभियान तेज
उत्तम साहू
धमतरी, 07 अप्रैल 2026। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसपी ने जुआ-सट्टा संचालित करने वाले तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल अवैध गतिविधियां बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इनके नेटवर्क और सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर विशेष टीमों को सक्रिय कर दबिश, गुप्त सूचना संग्रह और तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया गया।
इस दौरान मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान के तहत गठित 30 टीमों के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए एसपी ने नशे के अवैध कारोबार पर और अधिक कसावट लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि ठोस और परिणाम देने वाली कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान यह चौथी बड़ी रेड कार्रवाई रही।
बैठक में अधिकारियों को खुफिया तंत्र को मजबूत करने, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभियान की प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके। साथ ही, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने और आमजन से संवाद बढ़ाकर अधिक से अधिक सूचनाएं जुटाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा “ऑपरेशन तलाश” के तहत गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की शीघ्र तलाश को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर की टीमों को तकनीकी संसाधनों और सोशल मीडिया के माध्यम से खोज अभियान तेज करने को कहा गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम तीन स्थानों हेतु पुरस्कार की भी घोषणा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी, डीएसपी एसजेपीयू श्री यशकरण दीप ध्रुव सहित सभी थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



