गट्टासिल्ली में सजेगा आदिवासी ध्रुव गोंड समाज का महाधिवेशन, मुख्यमंत्री ने आमंत्रण किया स्वीकार
उत्तम साहू
नगरी। तहसील नगरी के आदिवासी ध्रुव गोंड समाज द्वारा 70 वां वार्षिक महासभा एवं महाधिवेशन 2026 का आयोजन आगामी 11 अप्रैल को गौरव ग्राम गट्टासिल्ली स्थित पुराने मंडी प्रांगण एवं रीपा भवन में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।
महासभा के लिए समाज के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास पहुंचकर औपचारिक आमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादक बोर्ड के चेयरमेन विकास मरकाम ने किया। इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री को भी कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया।
मुख्यमंत्री एवं वन मंत्री ने आदिवासी समाज के इस भावपूर्ण आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी, जिससे समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में तहसील आदिवासी ध्रुव गोंड समाज नगरी के अध्यक्ष सुरेन्द्र ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैया, कोषाध्यक्ष सुरेश ध्रुव, गट्टासिल्ली के अध्यक्ष सियाराम नेताम, युवा प्रभाग के अध्यक्ष संजय मरकाम सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि महासभा में सामाजिक एकता, परंपराओं के संरक्षण, युवाओं की भागीदारी और समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

