ध्रुव गोंड समाज का 55 जोड़ों का सामूहिक विवाह: नगरी तहसील समाज को दिया गया आमंत्रण, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
उत्तम साहू
नगरी। आदिवासी ध्रुव गोंड समाज जिला धमतरी द्वारा आयोजित जिला स्तरीय 55 जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर नगरी तहसील समाज को औपचारिक आमंत्रण दिया गया। इस सिलसिले में समाज के पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संवैधानिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
धमतरी स्थित अंगार मोती प्रांगण में प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के संदर्भ में जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर, तहसील महासचिव नरेश छेदैहा के निवास नगरी पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जिला कोषाध्यक्ष शिव नेताम एवं तहसील धमतरी के संचालक शेषनारायण ध्रुव भी उपस्थित रहे।
बैठक में सामूहिक विवाह आयोजन की रूपरेखा, तैयारी एवं अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही समाज के आर्थिक सशक्तिकरण, संगठनात्मक मजबूती और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी सारगर्भित चर्चा हुई।
तहसील समाज के सदस्यों ने समाजहित में अपने विचार साझा करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण एवं भविष्य की योजनाओं पर सहमति जताई। जिला अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर ने सभी से सामूहिक विवाह समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तहसील धमतरी के पदाधिकारियों द्वारा नगरी तहसील समाज को वार्षिक महासभा में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण भी प्रदान किया गया।
बैठक में संरक्षक दादा परसादीराम चंद्रवंशी, तहसील उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोरी, कोषाध्यक्ष सुरेश ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैहा, वित्त सचिव मानिक नेताम, सहसचिव पुरन नेताम, अंकेक्षक टीकम गंगेश, पूर्व सचिव माखन ध्रुव, नगरी उपक्षेत्रीय अध्यक्ष कैलाश मरई, डी.एस. ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

