नगरी में ध्रुव समाज का 70 वां वार्षिक महासम्मेलन: सांसद भोजराज नाग को दिया गया आमंत्रण
उत्तम साहू
नगरी। आदिवासी ध्रुव गोंड तहसील समाज नगरी द्वारा आयोजित होने वाले 70वें वार्षिक महासम्मेलन के लिए कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग को सामाजिक प्रतिनिधि मंडल ने भावपूर्ण आमंत्रण दिया।
समाज के प्रतिनिधियों ने 4 अप्रैल को सांसद के अंतागढ़ स्थित निज निवास पहुंचकर उन्हें महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस दौरान सांसद नाग ने आदिवासी समाज की कला, संस्कृति, इतिहास, भाषा और परंपराओं पर प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
तहसील समाज के अनुसार, आगामी 11 अप्रैल से दो दिवसीय वार्षिक महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समाज की परंपरा के तहत यह आयोजन हर वर्ष चक्रिय क्रम में अलग-अलग मुड़ा क्षेत्र में आयोजित होता है। इस वर्ष यह ऐतिहासिक कार्यक्रम गौरव ग्राम गट्टासिल्ली में संपन्न होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
आमंत्रण देने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैहा, वित्त सचिव मानिक नेताम, खड़पथरा मुड़ा क्षेत्र अध्यक्ष संत मरकाम तथा गट्टासिल्ली युवा अध्यक्ष संजय मरकाम सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

