सरेराह आग का गोला बना युवक: पेट्रोल डालकर लगाई आग, 80% झुलसा, फैली सनसनी
उत्तम साहू
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने जान जोखिम में डालकर दौड़ते हुए आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था।
बताया जा रहा है कि युवक का शरीर करीब 80 प्रतिशत तक जल गया है। उसे तत्काल गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। घटना के दौरान युवक की बाइक भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
इस घटना के दो सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। पहले फुटेज में युवक एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल भरवाते नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वह सड़क किनारे बाइक रोककर खुद पर पेट्रोल डालता है और आग लगा लेता है। कुछ ही सेकंड में युवक सड़क पर गिर पड़ता है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान मनजीत जायसवाल निवासी पौसरी गांव के रूप में हुई है। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

