छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज: गर्मी के बीच उमस बढ़ी, बारिश-अंधड़ की चेतावनी, तापमान में गिरावट शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिल रही, बल्कि अब चिपचिपी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, वहीं आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है और अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मौजूद है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा हरियाणा से मणिपुर तक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और उत्तर तेलंगाना से कोमोरिन क्षेत्र तक दूसरी द्रोणिका सक्रिय है। अंदरूनी महाराष्ट्र और उससे लगे कर्नाटक के ऊपर प्रति चक्रवात का प्रभाव भी बना हुआ है।
इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंच रही है। इसी के चलते कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर तेज अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन दोपहर के बाद बादल छाने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

