मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

0

 

सफलता की कहानी
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
बकाया बिल का बोझ हुआ कम, विशाल परिवार ने ली राहत की सांस



उत्तम साहू 

धमतरी, 06 अप्रैल 2026। जिले में संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 आर्थिक रूप से कमजोर और बकाया बिजली बिल से परेशान उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चलाई जा रही इस जनहितकारी योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बढ़ते बकाया के बोझ से मुक्त कर उन्हें नियमित भुगतान की मुख्यधारा में जोड़ना है।

इसी योजना के तहत धमतरी निवासी बी.एस. विशाल का परिवार भी लाभान्वित हुआ है। परिवार लंबे समय से बढ़ते बिजली बिल के कारण आर्थिक दबाव में था। सीमित आय के चलते समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा था, जिससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही थी। इस बीच योजना की जानकारी मिलने पर उनके पुत्र डेनियल विशाल ने आवेदन किया और विभागीय सहयोग से शीघ्र ही योजना का लाभ प्राप्त किया।

योजना के अंतर्गत परिवार को बकाया मूल राशि में राहत, सरचार्ज की 100 प्रतिशत माफी तथा शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा मिली। इससे परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली है और अब वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर पा रहे हैं। लाभार्थी डेनियल विशाल ने योजना को आम जनता के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिले में योजना का क्रियान्वयन भी तेजी से हो रहा है। अब तक कुल 4,652 हितग्राहियों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 4,115 उपभोक्ताओं ने ऑफलाइन आवेदन किया है, जबकि 537 उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल चुका है।

योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। बीपीएल उपभोक्ताओं को बकाया राशि पर अधिकतम 75 प्रतिशत तक छूट, जबकि घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत तक राहत प्रदान की जा रही है। साथ ही सभी श्रेणियों के लिए सरचार्ज की पूर्ण माफी और न्यूनतम 10 प्रतिशत राशि जमा कर शेष को किस्तों में भुगतान करने की सुविधा दी गई है।

यह योजना 12 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक लागू है। विद्युत विभाग द्वारा शिविरों और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि उन्हें नई शुरुआत का अवसर भी प्रदान कर रही है। जिले के कई परिवार इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन को पुनः व्यवस्थित कर रहे हैं, जो शासन की जनकल्याणकारी नीतियों की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !