धमतरी में सट्टा खाईवाल गिरफ्तार, नगदी व सट्टा सामग्री जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 02 मार्च 2026। जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने बनियापारा क्षेत्र में दबिश देकर एक सट्टा खाईवाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बनियापारा में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
दबिश के दौरान आरोपी दिनेश ढीमर उर्फ चिकु (40 वर्ष), निवासी बनियापारा, धमतरी को लोगों से पैसे लेकर दांव लगवाते और सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1000 रुपये नगद, तीन सट्टा पट्टी एवं एक डॉट पेन बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 (क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

