आपसी समन्वय बढ़ाने जिला प्रशासन की पहल, मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले

0

आपसी समन्वय बढ़ाने जिला प्रशासन की पहल, मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले



उत्तम साहू 

धमतरी, 02 अप्रैल 2026। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आगाज़ उत्साह और रोमांच के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खेले गए मुकाबलों में जिला प्रशासन और जिला पंचायत की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले मैच में जिला प्रशासन धमतरी और बैंकर्स धमतरी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने भी बल्लेबाजी में योगदान देते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंकर्स धमतरी की टीम 7 विकेट पर 99 रन ही बना सकी। जिला प्रशासन की ओर से कैलाश साहू ने मात्र 20 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन बनाकर मैच का रुख तय कर दिया, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने 22 रन का योगदान दिया। बैंकर्स टीम की ओर से राजन कुमार ने सर्वाधिक विकेट लिए।

दूसरे मुकाबले में जिला पंचायत धमतरी ने वन विभाग धमतरी को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वन विभाग की टीम 63 रन पर सिमट गई। जवाब में जिला पंचायत की टीम ने महज 5 ओवर में 65 रन बनाकर आसान जीत हासिल कर ली। इस मैच में श्री धरम सिंह ने अपने एकमात्र ओवर में हैट्रिक लेकर शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन समिति द्वारा मैचों के समय में आंशिक बदलाव किया गया है। अब सेमीफाइनल में पराजित टीमों के बीच मुकाबला 3 अप्रैल को शाम 7:00 बजे खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला उसी दिन रात 8:30 बजे आयोजित होगा।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल आपसी समन्वय को मजबूत करती हैं, बल्कि कार्य के तनाव को कम कर टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !