कलेक्टर ने भरा स्व-गणना फॉर्म, नागरिकों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
उत्तम साहू
धमतरी, 17 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय जनगणना 2026 के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरकर जिलेवासियों के सामने प्रेरक उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जो देश के विकास की दिशा तय करती है।
कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए डिजिटल विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। नागरिक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी एवं परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली है।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना से प्राप्त आंकड़े अधिक सटीक और पारदर्शी होते हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत संरचना जैसी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलती है। सही आंकड़े ही योजनाओं के उचित निर्धारण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनते हैं।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें।
जिला प्रशासन द्वारा स्व-गणना को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। कलेक्टर की इस पहल को जिले में जनगणना जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

