दर्दनाक हादसा: काम करते-करते मौत, दूसरी मंजिल से गिरा मिस्त्री बिजली तार से टकराया
बालोद, 17 अप्रैल। जिले के चिखलाकसा क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। निर्माणाधीन दो मंजिला भवन में सेंट्रिंग कार्य कर रहे एक मिस्त्री की ऊंचाई से गिरने के बाद करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विनोद कुंजाम के रूप में हुई है, जो ठेकेदार के अधीन निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर सेंट्रिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे जा गिरा।
नीचे गिरते ही वह पास से गुजर रहे बिजली पोल के तार की चपेट में आ गया। तेज झटके के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद मजदूरों और लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

