घर में झूलते मिले पति-पत्नी के शव, गांव में पसरा मातम
उत्तम साहू
कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जंगलपुर गांव में पति-पत्नी के शव उनके ही घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटके मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब चार साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर विवाह किया था। तब से दोनों साथ रह रहे थे।
रविवार को जब घर के अंदर दोनों के शव फंदे पर लटके मिले, तो आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।

