नगरी में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति व साइबर जागरूकता अभियान संपन्न
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ नगरी-सिहावा द्वारा 150 निःशुल्क हेलमेट वितरित
एसडीओपी विपिन रंगारी ने दिलाई शपथ, दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील
उत्तम साहू
नगरी। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ नगरी-सिहावा के बैनर तले सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर क्राइम रोकथाम को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान तथा 150 निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन 18 अप्रैल शनिवार को दोपहर 3 बजे आत्मानंद स्कूल परिसर नगरी में किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत धमतरी अध्यक्ष अरुण सार्वा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने की। विशिष्ट अतिथियों में नगर उपाध्यक्ष विकास बोहरा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) विपिन रंगारी, जिला मुख्य सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार जीवन नाहटा, वरिष्ठ पत्रकार सलाहकार किशन मगेन्द्र, ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष उमेश देव, कमल डागा, जिले के पत्रकारगण एवं नगर के पार्षदगण शामिल रहे।
कार्यक्रम में डीगेश साहू, रौनक नाहटा, रजक नाहटा, अनिल वाधवानी, ऑटो संघ, पटेल ऑटो, मंशाराम साहू, राजेश तलेवार, शैलेंद्र यादव, छोटू सूर्यवंशी एवं गौरव ऑटो सहित अनेक लोगों ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
मुख्य अतिथि अरुण सार्वा ने अपने उद्बोधन में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराधों की रोकथाम पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में सतर्कता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सावधानीपूर्वक वाहन चलाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। समाज में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति तथा तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पत्रकार संघ का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बलजीत छाबड़ा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। छोटी-छोटी लापरवाहियां भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीओपी विपिन रंगारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने नशा मुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और समाज को कमजोर बना रहा है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए।
साइबर अपराधों के संबंध में उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि डिजिटल युग में अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल संबंधित विभाग एवं पुलिस को सूचना दें।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं अक्सर तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाने एवं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिससे कई परिवारों की खुशियां उजड़ जाती हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले लोगों को शासन द्वारा सहयोग राशि भी प्रदान की जाती है। लोगों से मानवता के नाते आगे बढ़कर घायलों की सहायता करने की अपील की गई।
अतिविशिष्ट अतिथियों में जिला प्रभारी ललित साहू, संभागीय सचिव रायपुर गोपी कश्यप, जिला अध्यक्ष रूपेश साहू, शैलेन्द्र लाहौरिया, वरिष्ठ पत्रकार उत्तम साहू, जिला संरक्षक टोमनलाल सिन्हा, जिला महासचिव घनश्याम साहू, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजयलक्ष्मी कश्यप, ब्लॉक सलाहकार उत्तम साहू, जयलाल प्रजापति, धमतरी शहर अध्यक्ष चुनेश साहू, जिला सहसचिव दुर्गेश साहू, कुरूद ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण साहू, मगरलोड ब्लॉक अध्यक्ष धनेश्वर बंटी सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप साहू, ब्लॉक महासचिव नारद साहू, मीडिया प्रभारी राजू पटेल, ब्लॉक उपाध्यक्ष राजू गोस्वामी, निक्कू दीवान, जितेंद्र मंडावी, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मिथिलेश पटेल, जय किशन साहू, सह सचिव प्रवीण साहू, चंद्रभान साहू, जीवन साहू, भूषण नेताम, महेंद्र नेताम, मनीष यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का सफल संचालन शैलेन्द्र लाहौरिया एवं शिक्षकगण द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



