धमतरी में सजेगा युवा उत्सव 2026: प्रतिभा, नवाचार और संस्कृति का महाकुंभ 24-25 अप्रैल को

0

 

धमतरी में सजेगा युवा उत्सव 2026: प्रतिभा, नवाचार और संस्कृति का महाकुंभ 24-25 अप्रैल को

लल्लनटॉप, बस्तर बैंड और रंगारंग प्रस्तुतियों से गुलजार होगा दो दिवसीय आयोजन



उत्तम साहू 

धमतरी, 15 अप्रैल 2026। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, सीखने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। आगामी 24 एवं 25 अप्रैल को धमतरी में “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन शासकीय महाविद्यालय धमतरी के नवीन भवन स्थित सेमिनार हॉल एवं परिसर में होगा, जिसमें जिले भर के महाविद्यालयों के चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें अवसर से जोड़ने का सशक्त मंच है।

20 से अधिक प्रतियोगिताओं में दिखेगा हुनर

युवा उत्सव में 20 से अधिक विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल एवं समूह नृत्य, एकल एवं समूह गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा में रैम्प वॉक, आर्ट एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी, फूड फेस्ट तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं प्रमुख रहेंगी।

इसके अलावा आधुनिक दौर को ध्यान में रखते हुए AI प्रतियोगिता, साइंस एवं कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं को नवाचार और तकनीक से जुड़ने का मौका मिलेगा।

सांस्कृतिक संध्या बनेगी आकर्षण का केंद्र

युवा उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं और दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे।

24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय शाम में आरु साहू, द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा राजिम और रायपुर का चर्चित आवाज क्रांति बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे।

वहीं 25 अप्रैल को चर्चित मीडिया प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी युवाओं को प्रेरक सत्र के माध्यम से मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद बस्तर का लोकप्रिय वायरा बैंड अपनी दमदार प्रस्तुति से समापन समारोह को यादगार बनाएगा।

खेल, वर्कशॉप और व्यक्तित्व विकास का संगम

उत्सव में विद्यार्थियों के लिए E-Cell के तहत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ एवं AI वर्कशॉप भी आयोजित होंगी। साथ ही खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में जोश भरेंगी।

जिले के लिए बनेगा ऐतिहासिक आयोजन

प्रशासन ने इस दो दिवसीय युवा महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद की जा रही है कि यह आयोजन न केवल युवाओं को मंच देगा, बल्कि धमतरी जिले के लिए प्रेरणादायक और ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !