सुहागरात के दिन युवक ने फांसी लगाकर दी जान, खुशियों भरा घर में मातम का मंजर
धमतरी/कुरूद। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि नवविवाहित युवक ने सुहागरात के अगले ही दिन मौत को गले लगा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और हैरानी का माहौल है।
16 अप्रैल को हुई थी धूमधाम से शादी
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कन्हारपुरी निवासी सिद्धेश्वर कंवर (28) का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के ग्राम डोकरपाली में पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से संपन्न हुआ था। शादी के बाद बारात वापस गांव लौटी, जहां 17 अप्रैल की रात आशीर्वाद समारोह रखा गया था।
घर में रिश्तेदार, मेहमान और ग्रामीणों की भीड़ थी। हर तरफ हंसी-खुशी और जश्न का माहौल था। नवदंपति को आशीर्वाद देने वालों का तांता लगा हुआ था।
सुबह खुला मौत का राज
रात समारोह खत्म होने के बाद युवक अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
शक होने पर जब खिड़की से झांका गया तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। युवक फांसी के फंदे पर झूल रहा था। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आखिर क्या था कारण?
फिलहाल युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पारिवारिक तनाव, मानसिक दबाव या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
जिस घर में एक दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

