कर्राघाटी-धमतरी मार्ग पर मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, युवक की दर्दनाक मौत से सनसनी
उत्तम साहू
नगरी / कर्राघाटी-नगरी मार्ग पर बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर ने युवक की मौके पर ही जान ले ली, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। सड़क पर पड़े शव की हालत इतनी भयावह थी कि चेहरा पहचान पाना मुश्किल हो गया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही थाना नगरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान है। हालांकि शव के एक हाथ पर “हेमंत गोधना” नाम और “गोंडवाना” का चिन्ह अंकित मिला है, जिसे अहम सुराग माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक सुबह टहलने निकला था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा फरार वाहन और चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक या हादसे से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत थाना नगरी से संपर्क करें। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

