रायपुर से बड़ी खबर, आबकारी घोटाले में सौम्या चौरसिया पर शिकंजा और कसने की तैयारी
रायपुर। करीब 3200 करोड़ रुपए के चर्चित आबकारी घोटाले में आज बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) कुछ ही देर में सौम्या चौरसिया और अन्य आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश करने जा रही है। इस चालान में शराब घोटाले में सौम्या की कथित भूमिका का विस्तार से खुलासा किया जाएगा।
सौम्या चौरसिया, जो कभी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रह चुकी हैं, पहले भी कोयला घोटाले में गिरफ्तारी झेल चुकी हैं। लगभग दो साल जेल में रहने के बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी, लेकिन राहत ज्यादा दिन टिक नहीं पाई—आबकारी घोटाले में उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में उन्होंने हाई कोर्ट में जमानत की गुहार लगाई थी, जिसे शुरुआत में खारिज कर दिया गया। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां से उन्हें दोबारा हाई कोर्ट जाने और प्राथमिकता से सुनवाई कराने का निर्देश मिला। बचाव पक्ष ने अदालत में यह भी आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां लगातार नई एफआईआर दर्ज कर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रही हैं, और अब तक सौम्या को छह बार हिरासत में लिया जा चुका है।
आखिरकार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद हाई कोर्ट ने त्वरित सुनवाई करते हुए उन्हें सशर्त जमानत दे दी। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण फिलहाल वे अभी भी जेल में हैं।
अब सबकी नजर एसीबी के इस चालान पर टिकी है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल घोटाले में नए खुलासों की उम्मीद की जा रही है।

