धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी समेत 27,400 रुपये का माल जप्त
उत्तम साहू
धमतरी, 08 अप्रैल 2026। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 लीटर देशी महुआ शराब और एक स्कूटी समेत कुल 27,400 रुपये का सामान जप्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गंगरेल डेम पुल के पास दो व्यक्ति स्कूटी में अवैध महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी क्रमांक CG-05-AJ-1576 से प्लास्टिक झिल्ली में रखे 18 पैकेट (करीब 12 लीटर) देशी महुआ शराब बरामद की गई। गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल देव मरकाम (20 वर्ष), निवासी ग्राम बोरिदखुर्द, थाना रूद्री एवं चुम्मन लाल नेताम (45 वर्ष), निवासी ग्राम कोटरवाही, थाना मगरलोड के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना रूद्री में अपराध क्रमांक 15/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

