आईटीआई मगरलोड में निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए आवेदन 30 अप्रैल तक
उत्तम साहू
धमतरी, 08 अप्रैल 2026। युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) मगरलोड में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के अंतर्गत ‘असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन’ ट्रेड में युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संस्था के प्राचार्य ने जानकारी दी कि इस कोर्स के लिए किसी प्रकार का प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया जाएगा। न्यूनतम 10वीं पास युवक-युवतियां इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी 30 अप्रैल 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ 10वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, दो पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि तक शासकीय आईटीआई मगरलोड में उपस्थित होकर आवेदन जमा करना होगा। यह योजना युवाओं के लिए तकनीकी कौशल हासिल कर रोजगार पाने का एक बेहतर अवसर मानी जा रही है।

