छत्तीसगढ़ में विकास को रफ्तार: 708 करोड़ से बनेंगी 15 फोरलेन सड़कें
रायपुर, 8 अप्रैल 2026। प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लोक निर्माण विभाग ने विभिन्न जिलों में 15 फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस राशि से कुल 90.5 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी तथा यात्रा समय घटेगा। साथ ही सड़क सुरक्षा में भी सुधार होने की उम्मीद है।
विभाग द्वारा दुर्ग जिले में चार प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें स्मृति नगर से आईआईटी जेवरा सिरसा तक 7 किमी सड़क शामिल है। रायगढ़ जिले में ढिमरापुर से कोतरा चौक, रायगढ़-नंदेली मार्ग तथा तमनार बायपास जैसे महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें तमनार बायपास सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है।
रायपुर जिले में अभनपुर एनएच-30 तथा राजिम क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक, बिलासपुर में कोनी-मोपका बायपास मार्ग तथा जशपुर जिले में पत्थलगांव क्षेत्र की सड़कों का उन्नयन किया जाएगा। कबीरधाम जिले में एनएच-30 के एक हिस्से में चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है।
सरकार का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कृषि, व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा है कि राज्य में बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अधोसंरचना विकास में बड़े पैमाने पर निवेश कर प्रदेश की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे संतुलित विकास को गति मिलेगी।

