सेना भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, 01 जून से शुरू होगी ऑनलाइन परीक्षा
उत्तम साहू,धमतरी, 22 मई 2026। भारतीय सेना में भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण सूचना है। ऑनलाइन परीक्षा 01 जून 2026 से 05 जून 2026 तथा 08 जून 2026 से 12 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख शहरों—भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर—के कुल 10 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। परीक्षा प्रतिदिन 3 से 4 शिफ्टों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए भारतीय सेना द्वारा प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय सेना ने साफ किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और चयन केवल योग्यता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही युवाओं को दलालों और फर्जी भर्ती कराने वाले लोगों से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

