धमतरी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 थाना और 1 चौकी प्रभारी बदले
उत्तम साहू
धमतरी। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत 08 निरीक्षक, 03 उप निरीक्षक एवं 02 सहायक उप निरीक्षकों का तबादला किया गया है। साथ ही जिले के 10 थाना एवं 01 चौकी प्रभारियों के प्रभार में भी परिवर्तन किया गया है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली प्रभारी के जिला रायपुर स्थानांतरण के बाद यह पद रिक्त हो गया था। वहीं एसपी रीडर के कवर्धा स्थानांतरण उपरांत थाना भखारा प्रभारी को एसपी रीडर पद पर पदस्थ किया गया, जिसके चलते थाना प्रभारी भखारा का पद भी खाली था। इसके अलावा साइबर सेल के साइबर थाना में उन्नयन होने के बाद वहां निरीक्षक स्तर के अधिकारी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इन्हीं प्रशासनिक आवश्यकताओं और कार्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवीन पदस्थापनाएं की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक बदलाव बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी समन्वय एवं जनसंपर्क को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


