ठेनही पंचायत भवन में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड का शिविर संपन्न,
ग्रामीणों को मिली स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी
उत्तम साहू
नगरी। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ठेनही में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग board द्वारा जागरूकता एवं स्वरोजगार प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में जिला पंचायत धमतरी से प्रभारी अधिकारी कमलेश शर्मा एवं सहायक लखन साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कुटीर उद्योग, स्वरोजगार एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। शिविर के दौरान इच्छुक हितग्राहियों के लोन प्रकरण भी तैयार किए गए ताकि वे स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि विभाग द्वारा कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे युवा एवं महिलाएं छोटे उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि रूपेश्वर नाग, दिनेश यादव, पंचायत सचिव हुलेश प्रजापति, विशाल मरकाम, घनाराम गौर, पन्नालाल मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविरों को गांवों के विकास और रोजगार सृजन के लिए उपयोगी बताया।

