ट्रॉली बैग से 10 किलो गोमांस बरामद, मां-बेटी हिरासत में,पुलिस को गिरोह से जुड़े होने का शक
उत्तम साहू
बिलासपुर में गुरुवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने ट्रॉली बैग में संदिग्ध मांस ले जा रही मां-बेटी को पकड़ लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार बैग से करीब 10 किलो गोमांस होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं रायपुर से ट्रेन के जरिए बिलासपुर पहुंची थीं और चुपचाप मांस को अपने घर ले जाने की कोशिश कर रही थीं। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां पेट्रोलिंग टीम को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से मांस बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इन महिलाओं का इस्तेमाल किसी बड़े नेटवर्क द्वारा “कूरियर” के रूप में तो नहीं किया जा रहा था।
घटना की खबर फैलते ही कुछ संगठनों के लोग थाने पहुंच गए और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

