सुशासन तिहार 2026 : ग्राम बसीबार में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित, 127 से अधिक आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
पाली। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज पाली विकासखंड के ग्राम बसीबार में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
इस शिविर के माध्यम से बसीबार सहित कुल 11 पंचायतों के ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान का कार्य किया गया। शिविर में प्राप्त 211 से अधिक आवेदनों में से 127 से ज्यादा आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। शासन अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं जनसमस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शोभा सिंह जगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया रूपेश कंवर, सरपंच श्रीमती कंचन कंवर, जनपद सदस्य श्री मनोज कंवर, जनपद सदस्य श्री विजय प्रभात, सरपंच श्री रजनीश मरावी एवं उप सरपंच श्री देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एसडीएम श्री रोहित सिंह, तहसीलदार श्री अभिजीत सिंह भानू, जनपद पंचायत सीईओ श्री मोहनिश आनंद देवांगन, बीईओ पाली श्री श्यामनंद साहू, बीएमओ डॉ. अनिल सराफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

