सुशासन तिहार-2026: धमतरी में समाधान शिविरों की शुरुआत 4 मई से, ग्रामीण-शहरी समस्याओं का मौके पर निराकरण
उत्तम साहू धमतरी, 3 मई। प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक आयोजित “सुशासन तिहार-2026” के तहत धमतरी जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन की मंशानुसार जिले के चारों विकासखंड—धमतरी, कुरूद, नगरी एवं मगरलोड—में चयनित 24 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में चिन्हित कर समाधान शिविरों की श्रृंखला प्रारंभ की जा रही है।
इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण करना है। जिले में शिविरों की शुरुआत 4 मई से होगी। प्रथम दिन जनपद पंचायत धमतरी के ग्राम भोयना और जनपद पंचायत नगरी के ग्राम कुकरेल में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलने वाले इन शिविरों में भोयना क्लस्टर के 21 तथा कुकरेल क्लस्टर के 17 ग्रामों के नागरिक शामिल होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी नागरिकों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम धमतरी के 15 वार्डों में समाधान शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर 4 मई को देवांगन समाज भवन (नागदेव मंदिर के पास) आयोजित होगा, जिसमें हटकेशर, शीतलापारा, लालबगीचा और सुभाषनगर वार्ड के लोग लाभान्वित होंगे। इसके अलावा नगर पंचायत मगरलोड-भैसमुड़ी में 6 मई को रामलीला मैदान में भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविरों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, विद्युत और जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही अधिकतम निराकरण किया जाएगा, जबकि शेष मामलों के लिए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, पर्याप्त स्टाफ और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सरल, सहज और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। साथ ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।
यह पहल शासन की जनोन्मुखी और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है, जो न केवल योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करेगी, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

