सुशासन तिहार-2026: भोयना और कुकरेल से समाधान शिविरों की शुरुआत, ग्रामीणों को मिला त्वरित लाभ
उत्तम साहू,धमतरी, 4 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत धमतरी जिले में समाधान शिविरों का शुभारंभ किया गया। इसकी शुरुआत जनपद पंचायत धमतरी के ग्राम भोयना एवं जनपद पंचायत नगरी के ग्राम कुकरेल से हुई।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इन शिविरों में भोयना क्लस्टर के 21 ग्राम और कुकरेल क्लस्टर के 17 ग्रामों के ग्रामीणों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनका निराकरण मौके पर या परीक्षण उपरांत करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। शिविरों में विभागीय स्टॉल लगाए गए और ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
कुकरेल में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भोयना में आयोजित शिविर में जनपद अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों शिविरों में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर, एसडीएम, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध और मौके पर निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में सक्रिय भागीदारी कर अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
कलेक्टर ने कुकरेल क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र एक महत्वपूर्ण कॉमर्शियल हब के रूप में विकसित होगा। भारतमाला एक्सप्रेस-वे परियोजना से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बगौद से कुकरेल तक फोरलेन सड़क निर्माण प्रस्तावित है तथा सहकारी बैंक की स्थापना, आदिवासी छात्रावास, कॉलेज एवं आईटीआई के लिए प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। साथ ही क्षेत्र में एक प्रारंभिक लाइब्रेरी की शुरुआत भी की गई है।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड, पात्र परिवारों को राशन कार्ड सहित अन्य सामग्रियों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की विस्तृत जानकारी भी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से योजनाएं सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं, जिससे पारदर्शिता और विश्वास में वृद्धि हुई है। जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है। वहीं जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन ने शिविरों में महिलाओं, किसानों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को ग्रामीण विकास के लिए सकारात्मक बताया।




