सांकरा बैरियर पर फिर बड़ी मार: 37.8 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर दबोचे
उत्तम साहू
नगरी। नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच सिहावा पुलिस ने एक बार फिर तस्करों पर जोरदार प्रहार किया है। सांकरा वनोपज जांच नाका पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक महिंद्रा टीयूवी वाहन से 37 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बैरियर पर चौकसी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक टीयूवी वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजे का जखीरा मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर आ रहे थे। पुलिस ने तत्काल तीनों को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
गौरतलब है कि एक माह के भीतर सिहावा पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही इस सख्ती से गांजा तस्करी में लिप्त लोगों में खौफ का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी

