तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छात्रा की मौत, दो सहेलियां गंभीर घायल, चालक गिरफ्तार
दुर्ग जिले के जामुल इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार छात्राओं को टक्कर मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह हादसा 3 मई की दोपहर नंदिनी रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रक ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं। हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि भिलाई के कैलाश नगर निवासी प्रभात पाल की नाबालिग बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। तीनों छात्राएं किताब छोड़ने के बाद जूस पीने के लिए रुकी थीं और इसके बाद अपनी सहेली को घर छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान नंदिनी रोड पर ट्रक (CG 07 CA 9607) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
शराब के नशे में था चालक
घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान राकेश कुमार पाण्डेय (34), निवासी छावनी क्षेत्र, के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।

