धमतरी वनमंडल के दुगली रेंज में हाथियों की मौजूदगी, आसपास के गांवों में अलर्ट जारी
तुमबाहरा, मटियाबाहरा, भैंसामुड़ा, चारगांव और बिलभदर गांव के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है
उत्तम साहू
धमतरी, 06 मई 2026। वनमंडल धमतरी के अंतर्गत आज सुबह लगभग 10:30 बजे दो हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। वन विभाग के अनुसार ये हाथी दुगली परिक्षेत्र के चारगांव बीट के कक्ष क्रमांक 335 में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हाथियों की इस मौजूदगी से अब तक किसी प्रकार की फसल, मकान या अन्य संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही जनहानि की कोई सूचना है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
वन विभाग ने तुमबाहरा, मटियाबाहरा, भैंसामुड़ा, चारगांव और बिलभदर गांव के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और हाथियों के नजर आने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
स्थिति पर नियंत्रण और निगरानी के लिए विभागीय टीम सक्रिय है, जिसमें एससीएफओ श्री झम्मन कश्यप के नेतृत्व में बीएफओ श्री राम कुमार ध्रुव, श्री अब्दुल कादिर, वन चौकीदार असकरण साहू, तुलाराम ध्रुव सहित गणेशराम मरकाम, पुनाराम मरकाम और भारत मरकाम शामिल हैं।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह सतर्क है।

