पंचायत विकास सूचकांक में धमतरी की चमक, मंदरौद ग्राम पंचायत प्रदेश में अव्वल
उत्तम साहू
धमतरी, 1 मई 2026। छत्तीसगढ़ में पंचायत विकास सूचकांक (PDI) के तहत धमतरी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। खासतौर पर कुरूद विकासखंड की मंदरौद ग्राम पंचायत ने गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन (Theme-1) में 94.4 अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि गांव स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और सतत विकास की मजबूत सोच को दर्शाती है।
सिर्फ मंदरौद ही नहीं, बल्कि धमतरी जिले की कई अन्य ग्राम पंचायतों ने भी स्वस्थ पंचायत, जल संपन्न पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत जैसे विभिन्न थीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए A+ और A ग्रेड हासिल किए हैं। यह संकेत है कि जिले में ग्रामीण विकास योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं।
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मंदरौद की सफलता को पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताते हुए अन्य पंचायतों को भी नवाचार और बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने का आह्वान किया।
वहीं, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने मंदरौद सहित जिले की सभी उत्कृष्ट पंचायतों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, पंचायत अमले और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि धमतरी लगातार विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन ही इस सफलता की कुंजी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी जिले में आजीविका संवर्धन, सतत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को और मजबूती से लागू किया जाएगा।
धमतरी जिले की यह उपलब्धि ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रही है और अन्य जिलों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

