मगरलोड पुलिस का अवैध शराब तस्करों पर कड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू, मगरलोड
धमतरी, 01 मई 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मगरलोड थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल के जरिए अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो टीमों का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली टीम ने बेलरदोना रोड पुलिया के पास मथुरा नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर डोमार सिंह अनेश्वरी (35 वर्ष), निवासी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी शराब (कीमत 2,400 रुपये) एवं यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल (कीमत 1,00,000 रुपये) सहित कुल 1,02,400 रुपये का माल जब्त किया गया।
वहीं दूसरी टीम ने शीतला मंदिर के सामने मगरलोड आम रोड पर कार्रवाई करते हुए अनिल वर्मा (29 वर्ष), निवासी चारभाठा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 42 पौवा देशी शराब (कीमत 3,360 रुपये) एवं स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत 18,000 रुपये) सहित कुल 21,360 रुपये का सामान बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


