नगरी वन परिक्षेत्र में हाथी की आमद, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
उत्तम साहू
नगरी। वन परिक्षेत्र नगरी में एक बार फिर जंगली हाथी की आमद से क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 अप्रैल 2026 को जबर्रा–नगरी मार्ग पर नगरी से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक हाथी को सहायक संचालक सीतानदी द्वारा प्रत्यक्ष रूप से देखा गया। इसके बाद विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
बताया जा रहा है कि हाथी की गतिविधि नगरी, जबर्रा, चारगांव, तुमबहरा और मटियाबाहरा के आसपास के जंगलों में देखी जा सकती है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है और हाथी की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे रात के समय जंगल क्षेत्र में यात्रा करने से बचें। यदि अत्यंत आवश्यक हो तो समूह में ही यात्रा करें और पूरी सावधानी बरतें। साथ ही किसी भी व्यक्ति को अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों को सचेत करते हुए विभाग ने कहा है कि हाथी को देखने या उसके पास जाने की कोशिश न करें और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत वन अमले को दें। विभाग द्वारा लगातार मुनादी और जागरूकता के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वन विभाग का कहना है कि सभी नागरिक स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

