नगरी..पिकअप से भिड़ी बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
नगरी/ धमतरी-नगरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक अचानक हुए सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। तलेवर पेट्रोल पंप के पास करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पिकअप वाहन से जा भिड़ी, जिसमें बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नगरी की ओर जा रही पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रहा बाइक सवार संतु दर्रो दलदली निवासी साइड लेकर आगे निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अचानक रुके वाहन से टकराव हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद पिकअप चालक ने जिम्मेदारी से बचते हुए मौके से भागना ही बेहतर समझा। प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार में धमतरी की ओर फरार हो गया। वाहन का अंतिम नंबर CG 0 4 QV-5119 बताया जा रहा है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश जारी है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को तुरंत नगरी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है।


