रंगों में झलकी नन्हीं सोच, दीवारों पर उभरे स्वच्छता और संस्कार के संदेश

0

 रंगों में झलकी नन्हीं सोच, दीवारों पर उभरे स्वच्छता और संस्कार के संदेश

विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार से सम्मानित कर, सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया 


उत्तम साहू 

नगरी नगर की दीवारें उस वक्त रंगों से जीवंत हो उठीं, जब नगर पंचायत द्वारा आयोजित वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को खूबसूरत चित्रों के जरिए साकार किया। इस आयोजन ने न सिर्फ बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यातायात जागरूकता जैसे सामाजिक संदेशों को भी आकर्षक ढंग से लोगों तक पहुंचाया।



प्रतियोगिता में पहली से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। किसी ने हरियाली बचाने का संदेश दिया तो किसी ने स्वच्छ भारत अभियान को चित्रों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कई प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की आकर्षक तस्वीर बनाकर अपनी संस्कृति और देशभक्ति को रंगों में पिरोया। वहीं सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर आधारित चित्रों ने लोगों का ध्यान खींचा।



नन्हे कलाकारों की कल्पनाशीलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दीवारों पर बार्बी डॉल, छोटा भीम और कई रचनात्मक आकृतियां भी देखने को मिलीं, जो बच्चों की मासूम सोच और कलात्मकता का प्रतीक बनीं। कार्यक्रम देखने पहुंचे नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।



इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षद चेलेश्वरी साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा, उप अभियंता प्रमेश ध्रुव, स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश साहू, गणेश राम पांडे एवं पुष्कर पाटील विशेष रूप से उपस्थित रहे।



प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। प्रथम स्थान कु. कोनिका साहू एवं किरण साहू डोंगरडुला, द्वितीय स्थान कु. भूमिका साहू नगरी तथा तृतीय स्थान कु. मोक्षा साहू नगरी ने प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।



नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की होती है। उन्होंने बताया कि अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन और प्रेरणा से आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !