सुशासन तिहार 2026 : बिरझुली समाधान शिविर में 431 आवेदन प्राप्त, 367 का मौके पर निराकरण

0

 

सुशासन तिहार 2026 : बिरझुली समाधान शिविर में 431 आवेदन प्राप्त, 367 का मौके पर निराकरण



उत्तम साहू 

धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरझुली में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में कुल 431 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 423 मांग एवं 8 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। इनमें से 367 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई।

शिविर में बिरझुली के साथ मोहेरा, मारागांव, बोईरगांव, खड़मा, सिंगपुर, मुड़केरा, भण्डारवाड़ी, सोनझरी, केकराखोली और पठार ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं की जानकारी भी दी।

समाधान शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, जिला पंचायत धमतरी के कृषि सभापति टीकाराम कंवर, जनप्रतिनिधि रोहित मोहन साहू, जनपद सदस्य गजेन्द्र दीवान, रामजी नेताम, रामकुमारी कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदनों के निराकरण की प्रगति की जानकारी ली।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा दो हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान किया तथा दो लोगों को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपे। श्रम विभाग ने तीन हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा माताओं को बच्चों के लिए पोषण किट दी गई।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 42 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें सिकल सेल, बीपी, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी जांच शामिल रही। साथ ही 8 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी वितरित किए गए। परिवहन विभाग की ओर से 8 लोगों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए।

ग्रामीणों ने समाधान शिविर के माध्यम से त्वरित निराकरण एवं योजनाओं का लाभ मिलने पर खुशी जाहिर की। जिला प्रशासन ने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !