भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहा पामगढ़ ब्लॉक, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
पामगढ़। पामगढ़ ब्लॉक के ग्रामीण इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर आसमान से बरस रही भीषण गर्मी लोगों का जीना मुहाल कर रही है, तो दूसरी ओर लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। क्षेत्र के रसोटा, मुड़पार, चुरतेला और खरखोध सहित कई गांवों में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
इन दिनों क्षेत्र का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन ही नहीं, रात में भी गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ऐसे समय में बिजली ही लोगों के लिए राहत का एकमात्र सहारा बनी हुई है, लेकिन लगातार हो रहे पावरकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दिन में कई बार अचानक बिजली बंद हो जाती है। कई बार आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक सप्लाई ठप रहती है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगड़ जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीषण गर्मी में छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। रात के समय बिजली गुल होते ही घरों में घुटन बढ़ जाती है और लोगों का सोना तक मुश्किल हो जाता है। वहीं व्यापारी वर्ग भी इस समस्या से खासा नाराज है। दुकानों और छोटे व्यवसायों में बिजली बाधित होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्रों में सामान्य दिनों में इतनी बिजली कटौती नहीं होती थी, इसलिए अधिकांश घरों में इनवर्टर या बैकअप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। अब अचानक बढ़ी बिजली समस्या के कारण लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने बिजली विभाग से नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी के इस दौर में उन्हें राहत मिल सके।

